तेज रफ्तार का कहर: आर्टिका कार की टक्कर से युवक गंभीर घायल, हालत नाजुक !

बिल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के नगरा मार्ग पर स्थित अवाये भैरो मंदिर के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गन्ने का जूस बेच रहे लगभग 30 वर्षीय युवक को तेज रफ्तार आर्टिका कार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिकंदरपुर थाना क्षेत्र निवासी गोलू यादव सड़क किनारे अपनी गाड़ी पर मशीन द्वारा गन्ने की पेराई कर जूस बेच रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसी दौरान नगरा की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार आर्टिका कार ने अनियंत्रित होकर उनकी गाड़ी में सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि जूस की गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और आसपास अफरा-तफरी मच गई। हादसे में गोलू यादव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वहीं आर्टिका कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए घायल युवक को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सीयर पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि कार चालक ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसे नींद आ जाने के कारण यह दुर्घटना हुई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *