तुर्तीपार पुल पर युवक ने लगाई छलांग, मल्लाहों की बहादुरी से बची जान
बिल्थरारोड। सोमवार सुबह बेल्थरा रोड के तुर्तीपार रेलवे पुल पर अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अचानक सरयू नदी में कूद गया। नदी किनारे मछली पकड़ रहे मल्लाहों ने तुरंत साहसिक कदम उठाया और बिना देर किए युवक की जान बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी।


कड़ी मशक्कत के बाद मल्लाहों ने युवक को सुरक्षित बाहर निकाला और उनकी सांसें सामान्य पाई जाने पर 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस के माध्यम से युवक को सीएचसी सीयर भिजवाया।
पुलिस के अनुसार युवक राजेन्द्र यादव (पुत्र राम सिंगार यादव), निवासी हदीपुर मुंडियारी, थाना मनियर (बलिया) है। चिकित्सकों ने बताया कि फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है, हालांकि नशे की हालत में होने के कारण वह कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहा था।
स्थानीय लोगों ने मल्लाहों की तत्परता और बहादुरी की जमकर सराहना की और कहा कि उनकी सूझबूझ से एक अनमोल जान बच गई।
