मौसमी बीमारियों से बचने के लिये घरों के आसपास बनी हुई नालियों में जला हुआ तेल, केरोसिन आदि डालें, साफ सफाई पर ध्यान दे- डॉ राकेश कुमार सिंह


बिल्थरारोड। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर की तरफ से मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य दल आपके द्वार कार्यक्रम शुरू किया गया। इसके अंतर्गत स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर लोगों को मौसमी बीमारियों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने मच्छरों से होने वाले बीमारियों के प्रति आगाह करते हुए एहतियात बरतने का सुझाव दिया। सीएचसी सीयर के अधीक्षक डॉ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि इस समय मौसम में बदलाव हो रहा है। ऐसे में स्वाइन फ्लू, डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, स्क्रब टायफस के नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए एएनएम, आशा संगिनी सहित स्वास्थ्य कर्मियों की टीम द्वारा लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि टीम द्वारा पानी की स्रोतों की भी जांच की गई। साथ ही सुझाया कि घर के आसपास पानी को एक स्थान पर इकट्ठा न होने दें। क्योंकि स्थिर पानी में लारवा पनपते हैं, जो बीमारियों के कारक होते हैं। घरों के आसपास बनी हुई नालियों में जला हुआ तेल, केरोसिन आदि डालें। जमा पानी वाले स्थान को खाली करवाएं तथा घरों में काम आने वाले बर्तन, गमले, फूलदान आदि का पानी समय-समय पर खाली करते रहें। कूलर, फ्रिज के पीछे की ट्रे, पानी की टंकी की नियमित रूप से सफाई की जाय।
