घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ाव पर खतरे के निशान से 25 सेंटीमीटर नीचे

बिल्थरारोड / बीते कई दिनों से घाघरा नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव हो रहा है। नदी का पानी लाल निशान से 25 सेंटीमीटर नीचे बह रहा है।नदी का जलस्तर अभी ठहराव की स्थिति में है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार रविवार की शाम चार बजे जलस्तर 63.760 मीटर दर्ज किया गया, जबकि लाल निशान 64.010 मीटर है।लाल निशान से नदी का जलस्तर 25 सेंटीमीटर नीचे है। आयोग ने अगले 24 घंटे में जलस्तर में कमी होने की संभावना जताई है। ऐसे में बाढ़ की संभावना अभी नहीं है। जलस्तर में ठहराव से तटवर्ती दर्जनों गांवों के हजारों लोगों ने राहत की सांस ली है। फिर भी नदी के मिजाज में अप्रत्याशित परिवर्तन को लेकर लोग सशंकित हैं। जलस्तर में कमी के साथ कुछ तटवर्ती क्षेत्रों में कटान हो रहा है। कृषि भूमि कट- कट कर नदी की जलधारा में विलीन होते देख तटवर्ती किसानों को चिंता सताने लगी है।
