नगर पंचायत बिल्थरारोड की महिला सफाई कर्मचारी के बेटे का शव रेलवे ट्रैक पर मिला”
बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के तिरनई खुर्द तुर्तीपार गांव के पास मंगलवार की शाम रेलवे ट्रैक पर मिला अज्ञात शव अब पहचान लिया गया है। मृतक की शिनाख्त विशाल रावत (25 वर्ष) पुत्र राजदेव रावत, निवासी अवाएं, वर्तमान समय में नगर पंचायत बिल्थरारोड बिठुवा गांव के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार मृतक की माता पुष्पा देवी नगर पंचायत में संविदा सफाई कर्मचारी पद पर कार्यरत हैं, जबकि पिता निजी नौकरी करते हैं। विशाल दो भाइयों में सबसे बड़े थे। छोटा भाई बाहर रहकर मेडिकल की तैयारी कर रहा है। परिवार में दो बहनें भी हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है। अभी तक विशाल का विवाह नहीं हुआ था।
मंगलवार की दोपहर से ही विशाल घर से लापता थे। कुछ दिनों पहले ही वे चेन्नई से वापस लौटे थे। आखिर वे रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचे और किन परिस्थितियों में यह हादसा हुआ, इस पर अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।
शव की पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे और परिवार के लोग उभाँव थाने पर पहुँच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस में रखवा दिया है।



उभांव पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण सामने आ सकेगा।
