बेल्थरा रोड तहसील के सिद्धार्थ सिंह ने बढ़ाया मान, 70वीं BPSC में बने ग्रामीण विकास अधिकारी

बेल्थरा रोड (बलिया)। बेल्थरा रोड तहसील क्षेत्र के ननौरा गांव के मूल निवासी सिद्धार्थ सिंह ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में सफलता हासिल कर ग्रामीण विकास अधिकारी (Rural Development Officer) पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
सिद्धार्थ सिंह के पिता मनोज सिंह बैंक में अधिकारी रहे हैं और वर्तमान में सेवानिवृत्त हैं। फोन पर हुई बातचीत में उनके पिता ने बताया कि सिद्धार्थ की सफलता के पीछे वर्षों की कठिन मेहनत और धैर्य रहा है। पहले प्रयास में उनका चयन नहीं हो सका था और वे मेंस परीक्षा में रह गए थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। दूसरे प्रयास में शानदार सफलता प्राप्त कर अपने लक्ष्य को हासिल कर लिया।
सिद्धार्थ ने हाईस्कूल की पढ़ाई देवरिया से पूरी की। इसके बाद वे वाराणसी के सनबीम स्कूल में आगे की शिक्षा के लिए गए। उच्च शिक्षा हेतु उन्होंने गाजियाबाद स्थित अजय कुमार गर्ग इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (AKGEC) से बीटेक की डिग्री प्राप्त की। इंजीनियरिंग पूरी करने के बाद उन्होंने किसी कोचिंग पर निर्भर रहने के बजाय स्व-अध्ययन (Self Study) के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की और अंततः सफलता प्राप्त की।
दो भाई-बहनों में सिद्धार्थ सबसे छोटे हैं। उनकी बड़ी बहन चिकित्सक (डॉक्टर) हैं। परिवार की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों, शुभचिंतकों और मित्रों ने सिद्धार्थ को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
सिद्धार्थ सिंह की यह सफलता ग्रामीण अंचल के युवाओं के लिए प्रेरणा है कि लगन, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
