सीबीएसई क्लस्टर खो-खो प्रतियोगिता के लिए सेंट जेवियर्स की अंडर-14 टीम सुल्तानपुर रवाना

बेल्थरा रोड। स्थानीय क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सेंट जेवियर्स स्कूल, बेल्थरा रोड की अंडर-14 बालक खो-खो टीम सीबीएसई क्लस्टर खो-खो प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए शनिवार को सुल्तानपुर रवाना हुई। चार दिवसीय यह प्रतियोगिता 19 से 22 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न सीबीएसई विद्यालयों की टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
टीम को विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती शीला मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि टीम ने प्रतियोगिता के लिए कड़ी मेहनत की है और उन्हें विश्वास है कि खिलाड़ी अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर विद्यालय के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाएंगे।
विद्यालय के निदेशक डॉ. जे. आर. मिश्रा ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है और इस तरह की प्रतियोगिताएं उन्हें आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं।
टीम कोच गोल्डन जोसफ एवं टीम मैनेजर रवि प्रकाश के नेतृत्व में प्रतियोगिता के लिए रवाना हुई। विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके सफल प्रदर्शन और विजयी होकर लौटने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *