जिंदा को मृत दिखाकर भूमि हड़पने का सनसनीखेज मामला, पीड़ित दर-दर भटकने को मजबूर

बिल्थरारोड। स्थानीय तहसील क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शाह कुंडैल गांव के निवासी इंद्रजीत राजभर को जिंदा होते हुए भी राजस्व अभिलेखों में मृत दिखा दिया गया। इसके बाद उनकी पैतृक भूमि पर फर्जी तरीके से दूसरे जाति के व्यक्ति ने अपने नाम वरासत दर्ज करवा ली।
पीड़ित इंद्रजीत राजभर ने उभांव थाने में शिकायत दर्ज कराई है और न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है। इंद्रजीत का आरोप है कि गांव के अनोज, मनोज और प्रमोद गुप्ता ने राजस्व अभिलेखों में फर्जी दस्तावेज तैयार कर संबंधित लेखपाल और अधिकारियों की मिलीभगत से गाटा संख्या 26, खाता संख्या 00038 की 0.4900 हेक्टेयर भूमि पर गलत तरीके से उत्तराधिकार दर्ज करा लिया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि 8 जनवरी 2024 को किए गए फर्जी आवेदन में इंद्रजीत को मृत घोषित कर दिया गया था, जबकि 26 जून 2025 को ब्लॉक कार्यालय द्वारा जारी परिवार रजिस्टर में इंद्रजीत का नाम जीवित व्यक्ति के रूप में दर्ज है।
पीड़ित ने भूमि अभिलेख में हुई इस धोखाधड़ी की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग की है। इस पूरे मामले को लेकर गांव में भारी आक्रोश व्याप्त है। इंद्रजीत ने जिला प्रशासन से भी न्याय की गुहार लगाई
