हल्दीरामपुर एमआरएफ सेंटर देखने गए नगर पंचायत कर्मचारी को गाली देने व जान से मारने की धमकी
बिल्थरारोड । उभांव थाना क्षेत्र के हल्दीरामपुर गांव स्थित नगरपंचायत के एमआरएफ सेंटर (कूड़ा निस्तारण केंद्र) को दबंगों ने पिछले दिनों फूंक दिया और इसका विरोध करने पर नगरपंचायत के सफाई नायक मनोज कुमार की पिटाई कर दी। मामले में ईओ ब्रजेश गुप्ता और नगरपंचायत चेयरमैन रेनू गुप्ता के निर्देश के बाद पीड़ित सफाई नायक मनोज कुमार ने मामले की एक लिखित तहरीर पर गुरुवार को उभांव थाना पुलिस को दिया है। जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। नगरपंचायत चेयरमैन रेनू गुप्ता ने बताया कि नगरपंचायत की संपत्ति को दबंगई के बल पर क्षति पहुंचाया गया है। एमआरएफ सेंटर में मौजूद लाखों के कूड़े धूं धूंकर जल रहे है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। नपं चेयरमैन के निर्देश पर ईओ ब्रजेश गुप्ता ने मुकदमा दर्ज कराने हेतु उभांव थाना को तहरीर भेज दिया। मामले में गांव के पूर्व प्रधान प्रतिनिधि राजाराम राजभर समेत पांच लोगों को आरोपी बनाया गया है। पीड़ित मनोज कुमार ने बताया कि घटना विगत 31 मई की है। नगरपंचायत चेयरमैन रेनू गुप्ता और ईओ ब्रजेश गुप्ता के क्षेत्र से बाहर होने के कारण इस मामले में कार्रवाई नहीं हो सकी थी। दबंगों द्वारा जलाएं जाने के कारण एमआरएफ सेंटर का सारा शेड जलकर राख हो गया है और कूड़ों का विशाल ढेर आज भी मौके पर जल रहा है। घटना के समय पूर्व प्रधान प्रतिनिधि राजाराम राजभर के बल पर मौजूद दबंग एमआरएफ सेंटर में कूड़ा रखने का विरोध कर रहे थे और अचानक उग्र हो गए। सभी ने मिलकर गाली देते हुए सफाईनायक की पिटाई कर दी और एमआरएफ सेंटर में आग लगा दिया।


