क्षेत्र के समग्र विकास के लिए योजनाओं को अमली जामा पहनाकर नए युग का सूत्रपात होगा- विधायक हंसू राम

बिल्थरारोड। क्षेत्र के समग्र विकास की महत्वाकांक्षी योजनाओं को अमली जामा पहनाने की कवायद जारी है। इसके लिए कार्य योजना तैयार की गई है। योजनाओं के क्रियान्वयन से विकास के नए युग का सूत्रपात होगा। उक्त बातें विधायक हंसू राम ने शुक्रवार को जिला पंचायत के डाक बंगला में पत्रकारो से बातचीत में अपने तीन माह के कार्यकाल के दौरान महत्वपूर्ण उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा कि चिकित्सा व स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उच्चीकृत कर आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने कहा कि 55.61 करोड़ की लागत से क्षेत्र की 31 सड़कों का कायाकल्प किया जाएगा। इसके लिए आगणन बनाया गया है। इसके साथ ही नौ पुलियों का निर्माण चल रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए विधानसभा में याचिका दाखिल कर अस्पताल की मांग की गई है, जिसे सरकार ने स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा कि सोनाडीह को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। उन्होंने बताया कि 132 केवीए विद्युत पारेषण केंद्र की स्थापना की जाएगी। शासन स्तर पर वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। साथ ही तुर्की दौलतपुर और कसौंडर में विद्युत उपकेंद्र निर्माण का कार्य चल रहा है। जबकि सोनाडीह में उपकेंद्र स्थापना का कार्य प्रस्तावित है। इसके लिए भूमि का अधिग्रहण भी हो चुका है। उन्होंने कहा कि विकास पुरुष पूर्व मंत्री स्व शारदानंद अंचल के पैतृक गांव पशुहारी को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के प्रतिभा के विकास के लिए स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। साथ ही नमामि गंगे योजना के तहत गावों के हर घर में स्वच्छ पेयजल के लिए नल लगाया जाएगा। एक सवाल के जवाब में विधायक ने कहा कि पुलिया निर्माण में लापरवाही बरतने पर लोक निर्माण तथा सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता के खिलाफ शासन को पत्र लिखने के बाद कार्य में तेजी आई है। इस मौके पर आनंद यादव, अमरजीत चौधरी, श्याम नारायण, धीरज यादव, जयप्रकाश, राधेश्याम यादव आदि मौजूद रहे।

अभय मिश्रा/नीलेश दीपु

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *