बेल्थरा रोड रेलवे स्टेशन के विकास को लेकर मनीष सोनी ने डीआरएम से की मांग, यात्री सुविधाओं के विस्तार पर दिया जोर

बिल्थरारोड। स्थानीय रेलवे स्टेशन के समग्र विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर स्टेशन रेलवे उपभोक्ता परामर्शदात्री समिति (SRUCC) के सदस्य मनीष सोनी ने पहल की है। बुधवार को उन्होंने वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को संबोधित ज्ञापन मंडल वाणिज्य अधीक्षक को सौंपते हुए स्टेशन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
मनीष सोनी ने कहा कि आय के मामले में वाराणसी मंडल के प्रमुख स्टेशनों में शामिल बेल्थरा रोड रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन हजारों यात्री सफर करते हैं, लेकिन यहां कई आवश्यक सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने रेलवे स्टेशन चौराहे से जीएमएएम विद्यालय होते हुए कुन्डैल ढाला तक जर्जर संपर्क मार्ग की मरम्मत कराने तथा रेलवे फाटक पर स्कूली बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने की मांग उठाई।
ज्ञापन में वर्तमान फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के विस्तार के साथ नए रैंपयुक्त फुट ओवरब्रिज के निर्माण की भी मांग की गई, ताकि दिव्यांगजन, बुजुर्ग और सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में सुविधा मिल सके।
इसके अलावा स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में आकर्षक रंगीन लाइटों से सुसज्जित फाउंटेन लगाने, हरित क्षेत्र विकसित कर स्टेशन का सौंदर्यीकरण करने, प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित कराने तथा डीएवी कॉलेज ढाला के समीप जनहित में अंडरपास निर्माण की भी मांग की गई।
मनीष सोनी ने कहा कि इन प्रस्तावों के अमल से बेल्थरा रोड रेलवे स्टेशन की सुविधाएं बेहतर होंगी और यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी सुरक्षित एवं सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा
