घरेलू विवाद में पत्नी ने पति को चाकू से गोदा, हालत गंभीर — मऊ रेफर

बलिया। रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के महावीर अखाड़ा (हरिजन बस्ती) में मंगलवार की देर शाम घरेलू विवाद खून-खराबे में बदल गया। किसी कहासुनी के बीच पत्नी लालबुचि देवी ने अपने पति संजय कुमार के सीने में चाकू उतार दिया।
अचानक हुई वारदात से घर और आसपास अफरा-तफरी मच गई। लहूलुहान संजय कुमार को स्थानीय लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुँचे, जहाँ हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने मऊ जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस हरकत में
सूचना मिलते ही रसड़ा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची और छानबीन शुरू कर दी। आरोपी पत्नी को हिरासत में लेने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस चाकू बरामद करने में जुटी है।
पड़ोसियों का कहना
स्थानीय लोगों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे, मगर इस तरह की वारदात से पूरा मोहल्ला सन्न रह गया है। घटना के बाद से इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल है।
थाना प्रभारी योगेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि, “घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची। घायल को अस्पताल भेजा गया है। आरोपी महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
