तहसील बार एसोसिएशन का चुनाव सम्पन्न ! शौकत अली अध्यक्ष, उपाध्यक्ष बने सत्य प्रकाश उपाध्याय और मंत्री दिनेश प्रसाद
बिल्थरारोड। अधिवक्ता भवन में सोमवार को तहसील अधिवक्ता एसोसिएशन के पदाधिकारियों के चुनाव में शौकत अली अध्यक्ष चुने गए। शौकत अली ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अमरजीत सिंह को 12 मतों से पराजित किया। शौकत अली को 55 मत मिले। जबकि अमरजीत सिंह ने 43 मत प्राप्त किए। हृदयानंद सिंह 21 मत प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे। उपाध्यक्ष के लिए सत्यप्रकाश उपाध्याय ने 66, अनिल गुप्त ने 35, परवेज ने 18 मत प्राप्त किए। मंत्री के लिए दिनेश राजभर ने 61, दिलरोज ने 36, अतुल प्रकाश सिंह यादव ने 22 मत प्राप्त किए। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन परवेज कमाल पाशा ने चुनाव परिणाम की घोषणा करते हुए कहा कि अध्यक्ष के लिए शौकत अली, उपाध्यक्ष के लिए सत्यप्रकाश उपाध्याय और मंत्री के लिए दिनेश राजभर निर्वाचित किए गए। उन्होंने बताया कि एकल नामांकन के चलते पुस्तकालय अध्यक्ष के लिए शिवानंद, उपाध्यक्ष के लिए सविता सिंह पटेल और संयुक्त मंत्री प्रशासन के लिए अहमद रजा को निर्विरोध घोषित किया जा चुका है। चुनाव परिणाम की घोषणा होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत किया।


