इंडियन बैंक तेंदुआ के पास भीषण सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से टेंपो चालक की मौके पर मौत!
बिल्थरा रोड (बलिया): उभाँव थाना क्षेत्र के अंतर्गत इंडियन बैंक, तेंदुआ के पास शुक्रवार रात्रि लगभग 10:15 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, अखोप की ओर से आ रहे टेंपो चालक को सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान चन्द्रदेव उर्फ़ मोनू (22 वर्ष), पुत्र श्रीवास्तव राजभर, निवासी कुशहाभांड, भटपुरवा के रूप में हुई है। वह अपने दो भाइयों में सबसे छोटे थे और अभी उनका विवाह नहीं हुआ था। उनके असमय निधन से परिवार में कोहराम मच गया है।
घटना की सूचना मिलते ही उभाँव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

