“कब मिलेगा सबस्टेशन? बिल्थरारोड में हर बारिश पर अंधेरा”



बिल्थरारोड (बलिया)।
क्षेत्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह चरमरा गई है। हल्की हवा या मामूली बारिश होते ही घंटों तक बिजली गुल हो जाती है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार की शाम भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जब शाम करीब 5 बजे हुई हल्की बारिश के बाद बिजली आपूर्ति ठप हो गई और रात 10:15 बजे जाकर बहाल हो सकी।

विद्युत विभाग के जेई राम विलास खरवार ने बताया कि मालदा क्षेत्र में बिजली लाइन पर पेड़ की डाल गिर जाने से फॉल्ट हुआ था। यह कोई पहली घटना नहीं है — रविवार की शाम भी बारिश के दौरान बिजली चली गई थी, जो पूरे 24 घंटे बाद जाकर लौट सकी थी।

क्षेत्र में अभी तक 132/33 केवीए का विद्युत सबस्टेशन न होने की वजह से बिजली आपूर्ति करीब 24 किलोमीटर दूर स्थित करमौता (सिकंदरपुर) विद्युत उपकेंद्र से होती है। ऐसे में बारिश या हवा के दौरान लंबी ट्रांसमिशन लाइन में फॉल्ट आना आम बात हो गई है, जिसे दुरुस्त करने में घंटों क्या, कई बार दो-दो दिन लग जाते हैं।

बार-बार बिजली ठप होने से न केवल लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है, बल्कि पेयजल आपूर्ति भी रुक जाती है, जिससे गर्मी और उमस के बीच हालात और बदतर हो जाते हैं।

स्थानीय उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग और प्रशासन से जल्द से जल्द बेल्थरारोड में 132/33 केवीए का नया सबस्टेशन स्थापित करने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को बार-बार बिजली संकट से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *