सीएचसी सीयर अधीक्षक डॉ राकेश कुमार सिंह ने स्वास्थ्य कर्मचारियों और छात्रों को कुष्ठ रोग और प्लास्टिक मुक्त भारत के लिए दिलाया शपथ

बिल्थरारोड । महात्मा गांधी के निर्वाण दिवस और आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सीयर पर गुरुवार को स्पर्श कुष्ठ रोग जागरूकता अभियान की शुरुआत हुई। 30 जनवरी से 13 फरवरी तक चलने वाले इस विशेष अभियान में स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर संदिग्ध कुष्ठ रोगियों की पहचान करेंगे।सीएचसी सीयर के अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार सिंह और एनएमए वीरेंद्र कुमार ने स्वास्थ्यकर्मियों को कुष्ठ रोग मुक्त भारत की शपथ दिलाई। साथ ही शिक्षा क्षेत्र सीयर के विभिन्न विद्यालयों में भी छात्रों ने कुष्ठ रोग और सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त भारत का संकल्प लिया।एनएमए वीरेंद्र कुमार ने बताया कि सीयर क्षेत्र में पहले 8 कुष्ठ रोगियों की पहचान हुई थी, जिनमें से 2 लोग पूर्णतः स्वस्थ हो चुके हैं और वर्तमान में केवल 6 मरीज उपचाराधीन हैं। सीएचसी सीयर अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार सिंह ने जनता से अपील किया कि यदि किसी व्यक्ति की त्वचा पर हल्के रंग के दाग या धब्बे हों और वह क्षेत्र सुन्न हो, तो वह व्यक्ति संदिग्ध कुष्ठ रोगी हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में सूचना दें।अभियान में प्राथमिक विद्यालय खूंटा बहोरवां नंबर 2, शिवपुर मठिया, उधरन, शोधनपुर, तरछापार, किड़िहरा पुर, शेखपुर, कम्पोजिट स्कूल पलिया, टंगुनिया, चंदायरकला और उच्च प्राथमिक विद्यालय उधरन सहित कई विद्यालयों के छात्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम में श्वेतांक, त्रिलोकी, सुशील कुमार और विनीत समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *