सेंट जेवियर्स की पूर्व छात्रा मुस्कान दूबे का शानदार चयन, इनकम टैक्स एवं केंद्रीय विभाग में नियुक्ति पर विद्यालय ने किया सम्मानित


बिल्थरा रोड। सेंट जेवियर्स स्कूल, बेल्थरा रोड की पूर्व छात्रा मुस्कान दूबे के इनकम टैक्स विभाग एवं एक केंद्रीय सरकारी विभाग में चयन होने पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। देवरिया जिले के सजाव निवासी मुस्कान की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. जे.आर. मिश्र ने कहा कि मुस्कान दूबे ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से यह साबित कर दिया है कि निरंतर प्रयास करने वाले विद्यार्थियों के लिए कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने कहा कि विद्यालय हमेशा अपने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर संस्कार और प्रतिस्पर्धी माहौल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रधानाचार्या श्रीमती शीला मिश्र ने मुस्कान को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता विद्यालय के वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।
वाइस प्रिंसिपल तनवीर फातमा ने कहा कि मुस्कान की उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों से मुस्कान की सफलता से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने मुस्कान दूबे का जोरदार स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि मुस्कान आने वाले समय में अपने कार्यों से विद्यालय, जनपद और प्रदेश का नाम और अधिक रोशन करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *