दिनदहाड़े चैन स्नैचिंग की वारदात, बाइक सवार बदमाश फरार !
नगर पंचायत बिल्थरारोड वार्ड नंबर 6 निवासी राधिका वर्मा (52 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय लव सिंह, जो काठ तराव मऊ के प्राथमिक विद्यालय में अध्यापिका हैं, मंगलवार की दोपहर दिन में लगभग 3 बजे बिठुआ नहर वाली गली से पैदल अपने घर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उन पर धावा बोलते हुए उनकी सोने की चैन छीन ली और मौके से फरार हो गए।
अचानक हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश है। पीड़िता ने बताया कि बदमाश इतनी तेज़ी से आए कि वह कुछ समझ ही नहीं पाईं और पलक झपकते ही चैन छीनकर भाग निकले।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुँची और छानबीन शुरू कर दी है। बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
यह घटना सवाल खड़ा करती है कि आखिर दिनदहाड़े गली-कूचों में अपराधी इतने निडर कैसे हो गए?

