उभाँव थाना क्षेत्र में बड़ी चोरी: सीढ़ी लगाकर घर में घुसे चोर, ₹25 हजार नकद समेत करीब दो लाख के जेवरात ले उड़े



बेल्थरा रोड (बलिया)। उभाँव थाना क्षेत्र के समसुद्दीनपुर गांव में सोमवार देर रात चोरों ने एक परिवार के घर को निशाना बनाते हुए नकदी और लाखों रुपये के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। भीषण गर्मी के कारण परिवार के सदस्य घर के बाहर सो रहे थे, जिसका फायदा उठाकर चोर सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़े और घर के अंदर घुस गए।
पीड़ित धनंजय कुमार पुत्र साहब दयाल ने बताया कि रात करीब ढाई बजे उनकी बच्ची ने पानी मांगा। जब वह घर के अंदर पहुंचे तो बिजली बंद थी और रसोई का दरवाजा खुला मिला। दूसरे कमरे में जाने पर सामान बिखरा पड़ा था और जांच करने पर उनकी मां का बक्सा गायब मिला।
बक्से में रखे सोने के कर्णफूल, मंगलसूत्र, चांदी की पायल तथा ₹25 हजार नकद चोरी हो चुके थे। वहीं उनकी बहन के बैग से भी सोने का मंगलसूत्र और चांदी की पायल गायब मिली। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये है।
धनंजय कुमार के मुताबिक चोर सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए थे। उन्होंने घर में रखे अन्य बक्सों की भी तलाशी ली, लेकिन कीमती सामान न मिलने पर उन्हें वहीं छोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित परिवार से लिखित तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से चोरी का जल्द खुलासा करने, चोरी गए सामान की बरामदगी तथा क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की
