बर्ड फ्लू को लेकर सतर्क हुआ पशुपालन विभाग, बिल्थरारोड क्षेत्र के पोल्ट्री फार्मों का औचक निरीक्षण


बिल्थरारोड (बलिया): बिल्थरारोड तहसील क्षेत्र में बर्ड फ्लू की संभावित आशंका को देखते हुए पशुपालन विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। मंगलवार को प्रभारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अजय यादव एवं पशुधन प्रसार अधिकारी महबूब अख्तर के नेतृत्व में चिकित्सकों की एक टीम ने दोपहर 2 बजे तक पड़सरा, नदौली, ताजपुर, तिरनई खिजिरपुर, राजपुर और जमुआंव समेत कई गांवों के पोल्ट्री फार्मों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने मुर्गियों के स्वास्थ्य, फार्म की साफ-सफाई, चारे की गुणवत्ता तथा सुरक्षा मानकों का बारीकी से मूल्यांकन किया। हालांकि कहीं भी बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा) जैसे संक्रमण के लक्षण नहीं मिले, फिर भी एहतियातन सभी पोल्ट्री फार्म संचालकों को सतर्क रहने तथा विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने साफ तौर पर कहा कि संक्रमण की कोई पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार निगरानी और सतर्कता जरूरी है। निरीक्षण के दौरान मुर्गी पालकों को बर्ड फ्लू से बचाव के उपाय भी विस्तार से बताए गए, साथ ही साफ-सफाई बनाए रखने और बाहरी संक्रमण से बचाव के लिए प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया गया।
पशुपालन विभाग की यह सक्रियता स्थानीय फार्म संचालकों और ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही है।
