वाहनों पर रोक: बलिया में 157 स्कूली वाहन अनफिट
बलिया। जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। परिवहन अधिकारी अरुण कुमार राय ने बताया कि 157 स्कूली वाहनों की फिटनेस, वैध कागजात और आवश्यक प्रपत्र समाप्त हो चुके हैं, जिससे ये वाहन बच्चों के परिवहन के लिए असुरक्षित माने गए हैं।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि ऐसे वाहनों से बच्चों को स्कूल न भेजें और वाहन की स्थिति की अच्छी तरह जांच करें। खासतौर पर फर्श, खिड़कियों की सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तकनीकी पहलुओं पर ध्यान देने को कहा गया है।
अभिभावकों को mParivahan ऐप के माध्यम से वाहन के दस्तावेजों की जांच करने की भी सलाह दी गई है। साथ ही यह सुनिश्चित करें कि चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस हो और वह सुरक्षित तरीके से वाहन चला रहा हो।
विभाग ने चेतावनी दी है कि जब तक सभी दस्तावेज और फिटनेस सही नहीं हो जाते, तब तक इन वाहनों का संचालन न किया जाए। नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
