नवजीवन इंग्लिश स्कूल के पुरस्कार समारोह में तहसीलदार ने बच्चों को खेल-कूद और शिक्षा दोनों में आगे बढ़ने का दिया संदेश


बिल्थरारोड  /नवजीवन इंग्लिश स्कूल में आयोजित वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि तहसीलदार अंकुर यादव ने बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेल-कूद में भी उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा, “अब वो समय चला गया जब कहा जाता था कि खेलोगे कूदोगे तो होंगे खराब। आज खेल भी करियर का एक महत्वपूर्ण विकल्प बन चुका है। सरकार ‘खेलो इंडिया’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए खेलों को बढ़ावा दे रही है।”

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रशांत कुमार मंटू ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में खेल और शिक्षा दोनों का संतुलन जरूरी है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास करता है बल्कि टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करता है।

स्कूल की प्रिंसिपल ग्रेसी जॉन ने अपने संबोधन में विद्यालय के बच्चों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा, “हमारा स्कूल न केवल शैक्षणिक उपलब्धियों में बल्कि खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी निरंतर आगे बढ़ रहा है। बच्चों का सर्वांगीण विकास ही हमारा मुख्य उद्देश्य है।”

समारोह के दौरान विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों को शिक्षा, खेल और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी सभी का मन मोह लिया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *