सेना के जवान के शव पहुँचते ही परिजनों समेत गांव में शोक की लहर दौड़ गयी। सेना के जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देने के बाद सुपुर्द ए खाक कर दिया गया।

बिल्थरारोड। लखनऊ में सेना के जवान सैय्यद सलाउद्दीन की ड्यूटी के दौरान हृदयगति रुकने से मौत होने के बाद तिरंगे में लिपटा सेना के जवान का शव सोमवार की देर रात उनके गांव बिठुआ पहुँचते ही परिजनों समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी। मंगलवार के सुबह पुलिस व सेना के जवानों द्वारा गार्ड ऑफ आनर देने के उपरांत गांव के कब्रगाह में उन्हें सुपुर्द ए खाक कर दिया गया। जानकारी के अनुसार उभांव थाना क्षेत्र के बिठुआँ गांव निवासी सैय्यद सलाउद्दीन दुर्गापुर में सीआरपीएफ में सब इंस्पेक्टर थे। इन दिनों वह अपनी बटालियन के साथ लखनऊ आये थे। सोमवार को ड्यूटी के दौरान सुबह के समय अचानक दिल का दौरा पड़ा और उनकी मौत हो गई। उनके निधन की सूचना मिलते ही ग्रामवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं घरवालों का रो-रो कर बुरा हाल है। उनके एक पुत्र अब्दुल और तीन पुत्रियां हैं। दो पुत्रियों की शादी हो गयी है। निधन की सूचना मिलते ही ग्रामवासी परिजनों के पास पहुंच कर रोते बिलखते परिजनों को ढांढस बंधाने लगे। तैनाती स्थल से पार्थिव शरीर पहले लखनऊ से उनके गांव बिठुआँ लाया गया। इंस्पेक्टर उभांव राजीव कुमार मिश्र सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं राजनीतिक लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों की भीड़ देर रात तक दरवाजे पर खड़ी होकर पार्थिव शरीर का इंतजार करती रही। सेना के जवान की मौत से गांव में मातम छाया रहा और सेना के वाहन से शव पहुंचते ही कोहराम मच गया। मंगलवार के सुबह गांव के कब्रगाह में मातमी धुन के साथ सेना के जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देने के उपरांत सुपुर्द ए खाक कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *