बिल्थरा रोड स्टेशन पर मानवता की मिसाल: नशे की हालत में ट्रेन से गिरे युवक की व्यापारियों की तत्परता से बची जान !

बिल्थरा रोड।
आजमगढ़ जनपद के निवासी सूर्यनाथ पुत्र (45)लाल बहादुर, जो किसी कार्यवश आजमगढ़ से निकलकर मऊ में कार्यरत थे, सोमवार की शाम करीब 8 बजे बिल्थरा रोड रेलवे स्टेशन पर एक गंभीर हादसे का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि वह नशे की हालत में थे और किसी परिस्थिति में ट्रेन से गिरकर रेलवे ट्रैक पर जा पड़े, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए।
उसी दौरान किसी कार्य से रेलवे स्टेशन पहुंचे स्वर्ण व्यवसायी शुभम वर्मा की नजर ट्रैक पर गिरे घायल युवक पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने अपने मित्रों प्रीतम वर्मा और आकाश सोनी के साथ मिलकर मानवता और साहस का परिचय देते हुए घायल को सुरक्षित ट्रैक से बाहर निकाला। इसके बाद उनके मित्रों की मदद से घायल को प्लेटफार्म पर लाया गया और तत्काल जीआरपी बिल्थरा रोड को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए ले जाने की प्रक्रिया शुरू की।
इस संबंध में जीआरपी चौकी प्रभारी बिल्थरा रोड अबूसाद अहमद ने बताया कि “सूचना मिलने के बाद घायल युवक को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर ले जाया जा रहा है।”
प्राथमिक जानकारी के अनुसार अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह हादसा नशे की स्थिति में संतुलन बिगड़ने के कारण हुआ। घटना के बाद स्टेशन परिसर में मौजूद लोगों ने शुभम वर्मा, प्रीतम वर्मा और आकाश सोनी की सजगता, संवेदनशीलता और मानवता की जमकर सराहना की।
