बलिया में दुस्साहसिक अपहरण: पिस्टल के बल पर अजय तिवारी का उठा ले गए बदमाश, परिजनों को पीटा, SHO पर भी सवाल !


बलिया। जिले के सुखपुरा थाना क्षेत्र के घसौटी गांव में शनिवार की आधी रात बाद अपराधियों ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि करीब 20 की संख्या में नकाबपोश बदमाश थार गाड़ी और बाइकों से गांव में पहुंचे और अजय तिवारी का पिस्टल के बल पर अपहरण कर लिया। यह पूरी घटना उनके परिवार के सामने घटी, जहां विरोध करने पर पत्नी, बेटे और बेटी की जमकर पिटाई भी की गई।

परिजनों का आरोप है कि पुराने मुकदमे में समझौते के दबाव में यह सब किया गया। उन्होंने सुखपुरा थाना प्रभारी रामायण सिंह पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर समय रहते उचित कार्रवाई की गई होती, तो यह दिन नहीं देखना पड़ता।

घटना की सूचना मिलते ही बलिया पुलिस में हड़कंप मच गया। खुद एसपी ओमवीर सिंह मौके पर पहुंचे, पीड़ित परिवार से मुलाकात की और पूरी घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पूर्व में एक बारात के दौरान पीड़ित परिवार का कुछ लोगों से विवाद हुआ था, और संभावना है कि यह मामला उसी से जुड़ा है।

एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें बनाई गई हैं, और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही इस घटना का खुलासा करने का दावा भी किया गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *