चैनपुर गुलौरा में दावत के दौरान आपसी विवाद में चाकूबाजी, एक युवक गंभीर रूप से घायल

उभांव (बलिया): थाना क्षेत्र के चैनपुर गुलौरा गांव में शनिवार शाम को बाटी और मीट की दावत के दौरान दो पक्षों में कहासुनी इतनी बढ़ गई कि बात चाकूबाजी तक पहुंच गई। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के राजू राजभर (28), पुत्र राम भजन राजभर, पेशे से ट्रैक्टर चालक हैं। शनिवार शाम वे अपने घर पर मित्रों के साथ बाटी और मीट की दावत कर रहे थे। इसी दौरान आपसी विवाद ने तूल पकड़ लिया और लाल मोहन राजभर (40), पुत्र सागर राजभर ने गुस्से में आकर राजू पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल राजू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही उभांव पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *