उभांव इलाज के बाद घर लौटे सड़क हादसे के घायल की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
बलिया। उभांव थाना क्षेत्र में दो दिन पूर्व हुए सड़क हादसे में घायल युवक की मंगलवार शाम मौत हो गई। युवक के घर लौटने के कुछ ही घंटे बाद उसकी तबीयत बिगड़ी और करीब शाम साढ़े छह बजे उसने दम तोड़ दिया। हादसे और मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, नरला हल्दीरामपुर निवासी दुर्गा यादव (45 )पुत्र रामदयाल यादव 11 अक्टूबर की शाम लगभग छह बजे माल्दा से मजदूरी कर पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान बेल्थरारोड की ओर से आ रही चारपहिया गाड़ी ने विपरीत दिशा से आकर उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दुर्गा यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें तुरंत सीयर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बलिया रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर (BHU) भेजा था। इलाज के बाद परिवारजन उन्हें आज घर लेकर आए थे, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ी और उन्होंने दम तोड़ दिया।
थाना उभांव प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ला ने बताया कि हादसे की जानकारी उसी दिन प्राप्त होते ही मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया था। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


