सीयर मंडल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का विजयादशमी एवं शस्त्र पूजन उत्सव संपन्न !


बलिया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सीयर खंड के सीयर मंडल का विजयादशमी व शस्त्र पूजन उत्सव आज दिनांक 2 अक्टूबर को सरस्वती शिशु मंदिर के प्रांगण में धूमधाम से आयोजित हुआ।

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कार्यवाह श्री सतीश चंद्र तिवारी जी रहे। उन्होंने अपने बौद्धिक में कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना विजयादशमी, सितंबर 1925 को हुई थी और आज 2025 के इस विजयादशमी पर संघ ने अपनी गौरवशाली 100 वर्ष की यात्रा पूर्ण कर ली है।

उन्होंने संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर समस्त भारतीय समाज व स्वयंसेवकों को शुभकामनाएँ दीं। साथ ही संघ संस्थापक पूजनीय डॉ. केशव राव बलिराम हेडगेवार जी के जीवन वृतांत पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. साहब ने जिस पौधे का बीजारोपण 100 वर्ष पूर्व किया था, आज वही संघ वटवृक्ष बनकर राष्ट्र निर्माण में सतत कार्य कर रहा है।

मुख्य अतिथि ने यह भी कहा कि संघ का उद्देश्य सनातन परंपरा का संरक्षण करते हुए राष्ट्र की सेवा में स्वयं को अर्पित कर भारत को परम वैभव पर विराजमान करना है।

इस अवसर पर खंड संघचालक श्री प्रेम शंकर जी, खंड कार्यवाह संतोष जी, सुनील जी, राम आशीष जी सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की जानकारी जिला प्रचार प्रमुख डॉ. आलोक गिरी ने दी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *