बिल्थरारोड भाई की हत्या कर ट्रेन से फेंकने का आरोप, परिजनों ने लगाई न्याय की गुहार

बिल्थरारोड उभांव थाना क्षेत्र के शाहपुर अफगां निवासी सुनील कुमार यादव ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसके भाई की मौत ट्रेन से कटकर नहीं हुई, बल्कि उसकी साजिशन हत्या की गई है।
परिजनों का कहना है कि मृतक को वाराणसी बुलाकर पहले मारपीट की गई और उसके बाद योजना बनाकर ट्रेन से नीचे फेंक दिया गया। मृतक का शव वाराणसी जंक्शन पर क्षत-विक्षत अवस्था में मिला, जिसे रेलवे पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि घटना के पीछे गांव के ही कुछ सहयोगियों का हाथ है, जिनसे पहले से रंजिश चली आ रही थी। परिजनों ने बताया कि उनके पास पोस्टमार्टम और घटना से जुड़ी रिकॉर्डिंग/दस्तावेज भी मौजूद हैं, जिसे पुलिस को सौंपा गया है।
परिवार ने थाना उभांव पुलिस से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए।
इस संबंध में उभांव थानाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की बातें दर्ज की गई हैं। मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी सच्चाई स्पष्ट होगी।
