लगातार हादसों से दहला बिल्थरारोड क्षेत्र, फिर गई एक महिला की जान !
बिल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम सड़क हादसे में एक और महिला की मौत हो गई। पिछले दो दिनों से लगातार हो रहे हादसों ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है।
मंगलवार को रौसड़ा गांव की 45 वर्षीय बिंदु देवी पत्नी बिनोद राजभर पड़ोसी के घर जा रही थीं। सड़क पार करते समय एक तेज़ रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
ग्रामीणों ने गंभीर हालत में बिंदु देवी को पास के निजी चिकित्सक के यहां पहुँचाया, जहाँ डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया।
मृतका अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गई हैं। उनकी अचानक हुई मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस फरार बाइक चालक की तलाश में जुटी हुई है
