सड़क हादसे में भोलू गुप्ता की मौत, दूसरा गंभीर घायल !


लगातार हो रही घटनाओं से झकझोर उठे बिल्थरारोड के व्यापारी।

बिल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के अवायां गांव के पास सोमवार की शाम हुए सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। आमने-सामने दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर तक जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सीयर पहुँचाया। जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान भोलू गुप्ता (33 वर्ष) पुत्र वकील गुप्ता, निवासी वार्ड नंबर 6, नगर पंचायत बिल्थरारोड के रूप में हुई है। वह बस स्टेशन पर अंडा रोल का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उनकी मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज जारी है।

यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि मृतक भोलू गुप्ता नगर पंचायत वार्ड नंबर 6 के सभासद राम मनोहर गांधी के चचेरे भाई थे। उनकी असामयिक मौत ने न केवल परिजनों बल्कि क्षेत्रीय व्यापारियों और समाज को भी स्तब्ध कर दिया है।

स्थानीय व्यापारियों ने कहा कि आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने बेल्थरारोड के लोगों को गहरे संकट में डाल दिया है। लगातार हो रहे हादसों ने नगर के व्यापारियों और आम जनता को झकझोर कर रख दिया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *