“महिला सांसद पर अभद्र टिप्पणी, रामगोविन्द चौधरी बोले – ये लोकतंत्र पर हमला है, दोषी पर हो कड़ी कार्रवाई!”

बलिया।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ समाजवादी नेता रामगोविन्द चौधरी ने करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगेंद्र राणा द्वारा कैराना की सांसद इकरा हसन पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह बयान न केवल एक निर्वाचित महिला सांसद की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है, बल्कि पूरे लोकतांत्रिक और सभ्य समाज के लिए शर्मनाक एवं अस्वीकार्य है।
चौधरी ने स्पष्ट कहा कि “मैं इकरा से निकाह कुबूल करता हूँ” और “उन्हें नमाज पढ़ने की इजाजत दूंगा” जैसे कथन महिला विरोधी मानसिकता और सांप्रदायिक सोच को दर्शाते हैं, जो समाज में ज़हर घोलने वाले हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब एक सांसद, वो भी महिला, सुरक्षित नहीं है और उसके सम्मान को इस तरह सार्वजनिक मंचों पर रौंदा जा सकता है, तो आम महिलाओं की स्थिति की कल्पना कैसे की जा सकती है?
“यह न केवल व्यक्तिगत अपमान है, बल्कि यह भारतीय लोकतंत्र, संसद की गरिमा और महिलाओं के सम्मान पर सीधा प्रहार है,” चौधरी ने दो-टूक लहजे में कहा।
उन्होंने प्रशासन और सरकार से इस पूरे प्रकरण पर सख़्त संज्ञान लेने और दोषी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की भाषा और मानसिकता देश की एकता, सामाजिक सौहार्द और संविधान के मूल मूल्यों को कमजोर करती है।
“एक महिला सांसद का अपमान सिर्फ़ एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे समाज का अपमान है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए,” उन्होंने कहा।
