समान शिक्षा की ओर एक मजबूत कदम: सोनाडीह में बच्चों को वितरित की गई कापी-क़लम

बिल्थरारोड (बलिया) – तहसील बिल्थरारोड के ग्राम सभा सोनाडीह में शिक्षा को लेकर एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली, जब ग्राम प्रधान  सूर्यभान भारती की उपस्थिति में समान शिक्षा संघर्ष मोर्चा द्वारा बच्चों को कापी-क़लम वितरित की गई। इस आयोजन की अगुवाई समाजसेवी एवं जनकवि अरशद हिन्दुस्तानी ने की, जिनकी पहचान देशभर में एक समान शिक्षा और सामाजिक समानता के पुरज़ोर पक्षधर के रूप में होती है।

इस अवसर पर अरशद हिन्दुस्तानी ने बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करते हुए कहा, “शिक्षा ही असली ताकत है, जो किसी भी बच्चे को अंधेरे से उजाले की ओर ले जाती है।” उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि जब तक गरीब और अमीर के बच्चों को एक जैसी और मुफ्त शिक्षा नहीं मिलेगी, तब तक भारत पूरी तरह सशक्त नहीं बन सकता।

अरशद हिन्दुस्तानी लंबे समय से देशभर में “एक समान शिक्षा व्यवस्था लागू हो” की माँग को लेकर अभियान चला रहे हैं। वे शिक्षा और सामाजिक बदलाव के लिए गाँव-गाँव जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब हर बच्चा एक जैसी किताबें, शिक्षक और अवसर पाएगा, तभी देश की असली तरक्की संभव होगी।

इस कार्यक्रम में बच्चों में कापी-क़लम पाकर गज़ब का उत्साह देखा गया। उनकी आँखों में भविष्य के सपनों की चमक थी। उपस्थित जनसमूह में ग्राम प्रधान श्री सूर्यभान भारती के साथ राजन गुप्ता, मास्टर राहुल भारती, गुनजेश, ललन, सरफराज सहित कई ग्रामीण गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

यह आयोजन न केवल बच्चों के लिए उपयोगी रहा, बल्कि समाज को यह संदेश भी दे गया कि यदि नीयत साफ़ हो और नेतृत्व जागरूक, तो शिक्षा का उजाला हर कोने में पहुँच सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *