विवाह समारोह में खूनखराबा: आपसी विवाद में युवक पर हमला, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
बलिया जनपद के बेल्थरा रोड क्षेत्र के एक्सार चौकिया गांव में शुक्रवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक विवाह समारोह के दौरान आपसी विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, सुरेन्द्र गोंड के पुत्र सागर के वरक्षा कार्यक्रम में दो भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद को शांत कराने की कोशिश कर रहे 30 वर्षीय परशुराम पर एक पक्ष ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।

घटना के बाद लहूलुहान अवस्था में परशुराम को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
विवाह का खुशियों भरा माहौल अचानक चीख-पुकार और दहशत में बदल गया। वहीं, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
