सोनाडीह- बहोरवा मार्ग पर संचालित पूजा हास्पीटल में हुए जच्चा- बच्चा के मौत के मामले में अस्पताल का रजिस्ट्रेशन निरस्त

बिल्थरारोड । नगर के सोनाडीह- बहोरवा मार्ग पर संचालित पूजा हास्पीटल में ऑपरेशन के दौरान हुए जच्चा- बच्चा के मौत के मामले में अस्पताल को सील करने के बाद जांच में दोषी पाए जाने पर सीएमओ ने अस्पताल का रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिया है। ज्ञात हो कि उभांव थाना क्षेत्र के नरही गांव निवासी रेशमा परवीन पत्नी सद्दाम का दूसरा बच्चा होने वाला था। परिजन 22 फरवरी की शाम को बहोरवा मार्ग स्थित पूजा हॉस्पिटल ले गए जहाँ मौजूद डॉक्टर ने प्रसूता की स्थिति गम्भीर कहते हुए 2 लाख रुपये जमा करने के लिए कहा। परिजनों का आरोप है कि 2 लाख रुपये जमा करा लिए और अप्रशिक्षित डॉक्टर से ऑपरेशन करने के दौरान प्रसूता रेशमा की मौत हो गयी। इसके तुरन्त बाद अस्पताल स्टाफ पीछे के रास्ते से फरार हो गए। कुछ अन्दर से आवाज नही आने पर प्रसूता के परिजन अस्पताल में अन्दर गए देखा कि प्रसूता की मौत हो गयी है। परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा किया। इसकी सूचना मिलते ही उभांव पुलिस मौके पर पहुँचकर मामले को शांत कराया। इसके बाद एडिशनल सीएमओ पदमावती गौतम, सीएचसी सीयर अधीक्षक डॉ राकेश कुमार सिंह अन्य ने पहुँचकर अस्पताल को सील कर दिया। जांच में अस्पताल के दोषी पाए जाने पर सीएमओ ने पूजा अस्पताल का रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिया है। इस करवाई से अवैध रूप से संचालित अस्पताल संचालको में हड़कंप मच गया है।
