राष्ट्रीय समानता दल ने स्नेहा हत्याकांड मामले में एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
बिल्थरारोड। राष्ट्रीय समानता दल कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को स्नेहा हत्याकांड के अभियुक्तों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। रासद कार्यकर्ताओं ने जिला पंचायत के डॉकबगला से तहसील कार्यालय तक पदयात्रा की तथा महामहिम राज्यपाल को संबोधित पांच सूत्रीय मांगपत्र एसडीएम निशांत उपाध्याय को सौंप प्रभावी कार्रवाई की मांग की। रासद के प्रदेश अध्यक्ष संजयदीप कुशवाहा ने कहा कि वाराणसी की हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही छात्रा स्नेहा कुशवाहा की जघन्य हत्या कर दी गई। सत्ता के संरक्षण में अपराधी स्वतंत्र घूम रहे हैं, जिन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाय। मुख्य महासचिव अगम स्वरूप ने कहा कि स्नेहा हत्याकांड की जांच के नाम पर खानापूरी की जा रही है। जिलाध्यक्ष सीताराम प्रधान ने स्नेहा के परिजनों को एक करोड रुपए क्षतिपूर्ति देने की मांग की। मौके पर चंद्रशेखर कुशवाहा, सरदार कन्हैया सिंह, उपेंद्र मौर्य, डॉ रामानंद, रितेश, काशीनाथ, नंदलाल, छोटेलाल आदि मौजूद रहे।

