थाना दिवस में पहुँचे डीएम और एसपी ने फरियादियों के मामलों का सम्बंधित विभाग को तुरन्त निस्तारण करने का दिया निर्देश
बिल्थरारोड। थाना उभांव पर शनिवार को आयोजित थाना दिवस पर एसपी और डीएम के अचानक पहुँचने से महकमा हलकान रहा। डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार और एसपी विक्रांतवीर के आने की खबर सुनते ही थाना दिवस में फरियादियों का हुजूम उमड़ पड़ा। थाना दिवस में 15 मामले आये जिसमे 9 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। ज्यादातर मामले राजस्व सम्बन्धी आये। डीएम और एसपी ने मातहतों को तुरन्त मामले का निस्तारण करने का निर्देश दिया। थाना दिवस में ननौरा गांव निवासी मोहम्मद तसौवर पुत्र एकराम द्वारा नाबदान के पानी को रोके जाने पर गन्दा पानी रास्ते पर बिखरे होने की उक्त गांव निवासी रफीक ने पत्रक देकर शिकायत किया। मामले को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी ने मोहम्मद तसौवर को तुरन्त थाने में बन्द कर आवश्यक करवाई करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी के इस करवाई से अन्य विवादित डरे रहे। थाना दिवस में मुख्य रूप से उपजिलाधिकारी निशांत उपाध्याय, क्षेत्राधिकारी रसड़ा मोहम्मद फहीम, इंस्पेक्टर उभांव विपिन सिंह सहित समस्त विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।

