उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत

बिल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह गांव में  शनिवार रात्रि एक विवाहिता की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। विवाहिता गर्भवती भी थी।सूचना पर बहन के घर पहुंचे उसके भाई से भी मारपीट की गई जिससे उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया। भाई ने अपने बहनोई पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह गांव में चंदन साहनी अपनी पत्नी मिन्नी साहनी (30) वर्ष के साथ रहता था। शनिवार की शाम मिन्नी की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मृतका के भाई अजय ने हत्या का आरोप लगाया है। अजय ने बताया कि उसकी बहन निम्मी की शादी सोनाडीह निवासी चंदन साहनी के साथ हुई थी। चंदन पट्टे की तालाब में मछली पालने का काम करता था। शादी में बहनोई को 3 लाख रुपए, एक बुलेट व सोने चांदी के गहने उपहार में दिए गए थे।बावजूद इसके वह और दहेज के लिए बहन को अक्सर प्रताड़ित करते रहते थे। बताया कि शनिवार की शाम उसके बहनोई ने फोन कर बताया कि उसकी बहन की मौत हो गई है। जब वह भागा-भागा बहन के घर पहुंचा तो उसकी बहन बिस्तर पर मृत पड़ी हुई थी। मृतिका के भाई ने आरोप लगाया कि उसका गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई थी। कहा कि जब वह बहन के घर जाकर रोने चिल्लाने लगा तो उसके जीजा व उनके दोस्त ने उसे धक्का देकर बाहर निकालने लगे। इस दौरान उन्होंने उसे बहुत मारा पीटा। मारपीट के चलते उसकी हाथ में फ्रैक्चर हो गया।उभांव इंस्पेक्टर विपिन सिंह का कहना है कि शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *