उभांव थाना क्षेत्र के महुआतर ग्राम में अज्ञात कारणों से लगी आग से दो लाख नगद समेत एक दर्जन लोगों की मड़ई और पक्का घर जल गए।

बिल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के महुआतर ग्राम में बुधवार को दोपहर अज्ञात कारणों से लगी आग से दो लाख नगद समेत एक दर्जन लोगों की मड़ई और पक्का घर जल गए। घटना में लाखों रुपए की संपत्ति आग की भेंट चढ़ गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने पानी की बौछारों से आग को शांत किया। बताया जाता है कि महुआतर ग्राम में बनारसी के घर लकड़ी के चूल्हे पर खाना बन रहा था। इस बीच चूल्हे से निकली चिंगारी ने मड़ई को छू दिया और इतने ही में आग लग गई। हवा के झोंके से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के पक्के घर, मड़ई आदि धू-धू कर जलने लगे। इस दौरान बलजीत के घर में रखा दो लाख नगद समेत पुत्री की शादी के लिए रखा सारा गृहस्थी का सामान, कपड़ा, अनाज आदि जल कर राख हो गए। इसके साथ ही सत्येंद्र, रमेश, सुरेश, शिवगोविंद, रामसरन, राजेश, रामजन्म, मुखराम, रामकरन आदि की रिहायशी मड़ई जल गई तथा उसमें रखा घरेलू सामान जलकर भस्म हो गए। आग की उठती लपटों को देख लोगों ने शोर मचाया तथा फायर ब्रिगेड को सूचना दी। ग्रामीणों के सहयोग से फायर ब्रिगेड दस्ते ने पानी उड़ेल आग पर काबू पाया। तब तक नगदी समेत लाखों रुपए मूल्य की संपत्ति जलकर स्वाहा हो चुकी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *