सोनाडीह बिल्थरा रोड बलिया का नाम किया रोशन सीनियर महिला नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप में दो खिलाड़ियों का चयन !

बिल्थरारोड /बलिया जनपद के सोनाडीह निवासी दो महिला फुटबाल खिलाड़ियों का चयन उप्र की सीनियर महिला फुटबाल टीम में होने से जनपद में खुशी की लहर है। आगामी 25 से 30 मार्च तक आगरा में आयोजित 27वीं हीरो सीनियर महिला नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप 22-23 में उक्त दोनों खिलाड़ी उप्र की टीम से प्रतिभाग करती नजर आएंगी। प्रतियोगिता का आयोजन जिला फुटबॉल संघ आगरा और उत्तर प्रदेश फुटबॉल  संघ के संयुक्त नेतृत्व में किया जा रहा है। 

बता दें कि राष्ट्रीय महिला सीनियर फुटबाल चैंपियनशिप के लिए उप्र टीम का चयन ट्रायल आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में रखा गया था। जहां पर प्रदेश की 110 महिला फुटबाल खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। ट्रायल में बिल्थरारोड के महिला स्पोर्टिंग क्लब सोनाडीह से 8  खिलाड़ियों ने भी ट्रायल दिया था। यह ट्रायल 10 व 11 मार्च को आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में सम्पन्न हुआ। ट्रायल के पश्चात 30 खिलाड़ियों का कैम्प के लिए सलेक्शन हुआ। जहां 12 दिनों तक कैंप में 16 खिलाड़ियों के लिए कठिन चयन ट्रायल चला। इस कठिन ट्रायल में बिल्थरारोड के सोनाडीह निवासिनी नीतू पांडेय पुत्री हरिहर पांडेय का कीपर के रूप में व आंचल पासवान पुत्री अशोक पासवान का स्टापर के रुप में बेस्ट 22 खिलाड़ियों में चयन हुआ। यही चयनित 22 खिलाड़ी उप्र महिला सीनियर फुटबाल टीम के लिए खेलेंगी। 

इस प्रतियोगिता 6 प्रदेशों की टीमें तमिलनाडु, वेस्ट बंगाल, उत्तर प्रदेश, दमन दादर, अरुणांचल प्रदेश व लक्ष्यदीप शामिल रहेंगी। प्रतियोगिता लीग के आधार पर खेली जाएगी और सभी टीमों को एक दूसरे से मिलने का मौका मिलेगा। इस मैच का लाइव प्रसारण किया जाएगा।

बलिया की बेटियों के उप्र सीनियर महिला फुटबाल टीम में चयन पर जिला फुटबॉल संघ बलिया अरविंद सिंह, कोच प्रेमचंद, जिला जीत, चंद्रभान, अरूण मास्टर, कबड्डी संघ के पंकज सिंह, ओलम्पिक संघ अध्यक्ष अरुण सिंह, सोनू यादव,अजीत सिंह, अरविंद शुक्ला, वीरेश दुबे, अजय प्रताप, राजू राय, खुर्शीद, मिथिलेश श्रीवास्तव, धीरेन्द्र शुक्ला ने उन्हें शुभकामनाएं दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *