बेल्थरारोड में अबूझ हालात में गंभीर अवस्था में मिले 52 वर्षीय अखिलेश्वर प्रसाद गुप्ता, सिर में गंभीर चोट; हालत नाजुक, रेफर
बिल्थरारोड (बलिया)। नगर पंचायत बिल्थरारोड में साहू धर्मशाला के पास मकान बनवाकर रहने वाले लगभग 52 वर्षीय अखिलेश्वर प्रसाद गुप्ता उर्फ विनोद पुत्र स्वर्गीय शिवमुनि गुप्ता अबूझ हालात में गंभीर अवस्था में पड़े मिले। उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी और वह बेहोशी की हालत में थे। किसी व्यक्ति द्वारा उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।

अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद चिकित्सकों ने उनकी पहचान करने का प्रयास किया और स्थानीय पुलिस चौकी को भी सूचना दी। काफी प्रयास के बाद उनकी पहचान हो सकी। सूचना मिलने पर उनके छोटे भाई बबलू गुप्ता, जो बेल्थरारोड में भारत मेडिकल स्टोर का संचालन करते हैं, अस्पताल पहुंचे। अखिलेश्वर प्रसाद गुप्ता उनके बड़े भाई हैं। उनके तीन अन्य छोटे भाई डाक बंगला रोड पर रहते हैं।
चिकित्सकों के अनुसार उनके सिर में गंभीर चोट है तथा दिमाग में भी चोट की आशंका बताई जा रही है। हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने के समय से ही उन्हें होश नहीं आया था और उनका उपचार जारी है।
आखिर कैसे और कहां हुई घटना?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि अखिलेश्वर प्रसाद गुप्ता किस परिस्थिति में घायल हुए? वह कहां जा रहे थे और किस स्थान पर उनके साथ यह घटना हुई? बताया जा रहा है कि मौके पर पुलिस का एक जवान भी पहुंचा था, लेकिन घटना के कारणों और परिस्थितियों की अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।
फिलहाल घटना कैसे हुई, यह जांच का विषय है। परिजनों और शुभचिंतकों में चिंता का माहौल है तथा सभी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
