एसडीएम शरद चौधरी ने सहकर्मियों और पत्रकारों के साथ की स्व-गणना, नागरिकों से सहभागिता की अपील

बिल्थरारोड, बलिया। जनगणना अभियान को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जागरूकता बढ़ाने की पहल के तहत शुक्रवार को तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी शरद चौधरी ने तहसील के अधिकारियों-कर्मचारियों और पत्रकारों के साथ स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान उन्होंने स्वयं स्व-गणना कर लोगों को इसके प्रति जागरूक किया और अधिक से अधिक नागरिकों से इसमें भाग लेने की अपील की।

एसडीएम शरद चौधरी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है। इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। सभी लोग निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी और अपने परिवार की सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना का कार्य पारदर्शी और प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।

वहीं, तहसीलदार राजू कुमार ने कहा कि जनगणना में सभी की सक्रिय सहभागिता से इस महत्वपूर्ण कार्य को सफल बनाया जा सकता है।

इस दौरान एसडीएम ने मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर भी नागरिकों को जागरूक किया। उन्होंने अपील की कि जिन लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, कटवाने या संशोधन कराने से संबंधित कोई समस्या अथवा आपत्ति है, वे अपने नजदीकी प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर बीएलओ एवं सुपरवाइजर से संपर्क करें और अपनी समस्या का समाधान कराएं।

कार्यक्रम के दौरान सभासद निलेश दीपू सहित उपस्थित पत्रकारों को ईवीएम और वीवीपैट के माध्यम से मतदान की डेमो प्रक्रिया भी कराई गई। अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया की जानकारी देते हुए लोगों को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *