तीन दिन से लापता 48 वर्षीय व्यक्ति का शव पानी में मिला, गले में बंधा था गमछा



बेल्थरारोड, बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के चन्दाडीह-करनी मार्ग स्थित कोइली मोहन ताल के साइफन के पास रविवार सुबह पानी में 48 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान करनी गांव निवासी दिनेश राजभर (48) पुत्र कैलाश राजभर के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि दिनेश राजभर पिछले तीन दिनों से घर से लापता था। रविवार सुबह राहगीरों ने साइफन के समीप पानी में शव पड़ा देखा, जिसके बाद ग्रामीणों को सूचना दी गई। सूचना पर हल्का चौकीदार झुरी पासवान और ग्राम प्रधान छेदी कन्नौजिया ने उभांव पुलिस को घटना की जानकारी दी।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक के गले में गमछे का आधा हिस्सा बंधा हुआ था, जबकि गमछे का दूसरा हिस्सा पास स्थित सिरिस के पेड़ से बंधा मिला। शव के पास एक नया चप्पल भी पड़ा था।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
परिजनों के अनुसार, दिनेश राजभर तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। उसके परिवार में एक 13 वर्षीय पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जिनमें से एक पुत्री की शादी हो चुकी है।
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।
