बलिया शिक्षक एमएलसी चुनाव: आद्याशंकर यादव को मिली बड़ी जिम्मेदारी, जिले के बनाए गए प्रभारी!

बिल्थरा रोड, बलिया। समाजवादी पार्टी ने वाराणसी–मिर्जापुर खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर अपनी चुनावी रणनीति तेज कर दी है। पार्टी नेतृत्व ने संगठन के अनुभवी नेता, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश सचिव आद्याशंकर यादव को बलिया जनपद का प्रभारी नियुक्त किया है। यह जिम्मेदारी प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के निर्देश पर सौंपी गई है।
आद्याशंकर यादव को पार्टी प्रत्याशी लाल बिहारी यादव के पक्ष में पूरे बलिया जिले में चुनावी अभियान का संचालन, संगठन को सक्रिय करने और शिक्षक मतदाताओं से व्यापक जनसंपर्क की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी नियुक्ति को समाजवादी पार्टी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना है।
जिम्मेदारी मिलने पर आद्याशंकर यादव ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह दायित्व सौंपा है, उसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और मेहनत से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि जिले के सभी पदाधिकारियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं के सहयोग से चुनाव प्रचार को बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा और पार्टी प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी जाएगी।
उनकी नियुक्ति की खबर से बेल्थरा रोड सहित पूरे बलिया जिले के समाजवादी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन के प्रति उनकी वर्षों की सक्रियता और समर्पण का सम्मान बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *