50वीं रैंक के साथ यूपी एसआई भर्ती में चमके रुपेश यादव, बेल्थरा रोड का बढ़ाया गौरव

बेल्थरा रोड (बलिया)। उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती-2025 के अंतिम परिणाम में बेल्थरा रोड क्षेत्र के मझौलिया गांव निवासी रुपेश यादव ने प्रदेश स्तर पर 50वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र और पूरे बलिया जिले का मान बढ़ाया है। परिणाम घोषित होते ही परिवार, गांव और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने मिठाई खिलाकर उनकी इस शानदार सफलता का जश्न मनाया।
रुपेश यादव, राजेश यादव के पुत्र हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा सेंट जेवियर्स स्कूल, पिपरौली बड़ागांव से हुई। उन्होंने वर्ष 2016 में हाईस्कूल और 2018 में इंटरमीडिएट की परीक्षा इसी विद्यालय से उत्तीर्ण की। इसके बाद वर्ष 2021 में बांके बहादुर पीजी कॉलेज, मुजौना (बलिया) से स्नातक (बीए) की डिग्री प्राप्त की।
लगातार कठिन परिश्रम, अनुशासित दिनचर्या और लक्ष्य के प्रति समर्पण के दम पर रुपेश ने यूपी पुलिस की प्रतिष्ठित उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा में प्रदेश की मेरिट सूची में 50वां स्थान हासिल किया। उनकी इस सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत माना जा रहा है।
परिजनों के अनुसार, रुपेश शुरू से ही पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर गंभीर रहे। उन्होंने धैर्य और निरंतर मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल किया। उनकी उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है।
रुपेश यादव की इस सफलता पर शिक्षकों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि निश्चित रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणादायी साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *