सीएचसी सीयर परिसर से दिनदहाड़े बाइक चोरी, इलाज कराने आए युवक की गाड़ी उड़ा ले गए चोर
बिल्थरारोड (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र के स्थानीय नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सीयर परिसर से शनिवार को दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। इलाज कराने आए एक युवक की खड़ी बाइक पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और वाहन स्वामियों में चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, तेंदुआ पाही निवासी श्रीओम यादव दवा लेने के लिए सीएचसी सीयर पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक अस्पताल परिसर में खड़ी कर दवा लेने चले गए। कुछ देर बाद जब बाहर लौटे तो उनकी बाइक गायब थी। काफी खोजबीन के बावजूद वाहन का कोई सुराग नहीं मिला।
पीड़ित ने तत्काल घटना की सूचना उभांव पुलिस को दी। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में सीयर पुलिस चौकी के नवागत प्रभारी नीरज यादव ने कार्यभार संभालने के बाद वाहन चेकिंग अभियान तेज किया है। पुलिस सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर लगातार कार्रवाई कर रही है। ऐसे में अस्पताल परिसर से हुई बाइक चोरी की घटना ने चोरों के बेखौफ होने का संकेत दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थलों, विशेषकर अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

