भीमपुरा में युवक का शव मिलने से सनसनी, सिर पर चोट के निशान; हत्या की आशंका

बलिया। भीमपुरा थाना क्षेत्र के सिकंदरापुर गांव में शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नगरा-बरौली मुख्य मार्ग स्थित प्राथमिक विद्यालय के पीछे बांस की झाड़ियों और खरपतवार के बीच शव पड़े होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह एक स्थानीय दुकानदार की नजर झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं और वहां से खून बह रहा था। युवक के शरीर पर शर्ट नहीं थी तथा वह केवल बंडी पहने हुए था।
सूचना मिलते ही भीमपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए, जबकि रसड़ा क्षेत्राधिकारी रजनीश कुमार ने भी मौके का निरीक्षण कर जांच के आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस की पहचान प्रक्रिया के बाद मृतक की शिनाख्त सहतवार थाना क्षेत्र के डुमरिया निवासी 40 वर्षीय डब्लू सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।
क्षेत्राधिकारी रजनीश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का दावा किया है।
फिलहाल युवक की मौत कैसे हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *