आत्मरक्षा के गुर सीख सशक्त बने युवा, एबीवीपी का दो दिवसीय सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग कैंप संपन्न!

बेल्थरा रोड (बलिया)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) बेल्थरा रोड नगर इकाई द्वारा आयोजित दो दिवसीय सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग कैंप का सफल समापन आदित्य मैरिज लॉन, बेल्थरा रोड में हुआ। 18 एवं 19 जून 2026 को आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य युवाओं एवं छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्र के प्रसिद्ध समाजसेवी एवं “मेडिसिन मैन” के नाम से विख्यात राजेश सिंह दयाल के करकमलों द्वारा किया गया। उन्होंने युवाओं को आत्मविश्वास, अनुशासन एवं सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश देते हुए कहा कि आत्मरक्षा का प्रशिक्षण आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
उद्घाटन अवसर पर नगर मंत्री अनुज यादव, कार्यक्रम संयोजक इमाद अहमद सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम में बलिया विभाग के विभाग संगठन मंत्री रणजीत सिंह की विशेष उपस्थिति रही।
प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षक उदित राज गुप्ता एवं अंकित चौहान ने छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। दो दिवसीय इस शिविर में 150 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आत्मरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
शिविर के दौरान आत्मरक्षा के साथ-साथ अनुशासन, राष्ट्रभावना एवं सामाजिक जागरूकता का भी संदेश दिया गया। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों के उत्साह, ऊर्जा एवं सफल प्रशिक्षण के साथ संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *