बेल्थरारोड में बदहाल बिजली व्यवस्था पर फूटा जनाक्रोश, शाहिद समाजवादी ने निदेशक को भेजा पत्र!

बेल्थरारोड (बलिया)। तहसील क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से आमजन का जीवन बेहाल हो गया है। भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली गुल रहने से लोगों में भारी नाराजगी व्याप्त है। इस गंभीर समस्या को लेकर ग्रामसभा बांसपार निवासी एवं समाजसेवी शाहिद समाजवादी ने उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के निदेशक को पत्र भेजकर विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की है।
भेजे गए पत्र में उन्होंने बताया कि बेल्थरारोड विद्युत उपकेंद्र से जुड़े शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति लगातार बाधित हो रही है। हालात ऐसे हैं कि क्षेत्रवासियों को 24 घंटे में मुश्किल से 8 से 10 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। इससे पेयजल संकट गहराने के साथ-साथ घरेलू कार्य, व्यापारिक गतिविधियां तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
शाहिद समाजवादी ने मांग की है कि बेल्थरारोड की विद्युत व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच कराकर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को नियमित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आम जनता का आक्रोश आंदोलन का रूप ले सकता है। वहीं क्षेत्रवासियों ने भी विद्युत विभाग से तत्काल प्रभावी कदम उठाकर राहत प्रदान करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *