रात्रि में लगी भीषण आग, घर में रखा सामान जलकर राख

बिल्थरारोड (बलिया)।
वार्ड नंबर 06 अंतर्गत सैनिक वाली गली निवासी राकेश वर्मा पुत्र सुभाष वर्मा के घर के बगल वाले मकान में बीती रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि राकेश वर्मा रोज़ की तरह दिनभर के कार्य निपटाने के बाद अपने बगल वाले घर में चले गए थे, जबकि उसी मकान में उनके पिताजी रात्रि करीब नौ बजे के बाद सो रहे थे।
रात्रि लगभग ग्यारह बजे सामने रहने वाले पड़ोसी ने घर से आग की लपटें उठती देख शोर मचाया। जब तक मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। आग की चपेट में वहां खड़ी स्कूटी, मेज, कुर्सी सहित आरओ फिल्टर और अन्य घरेलू सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए।
स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा सारा सामान जलकर स्वाहा हो चुका था। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
उल्लेखनीय है कि पीड़ित राकेश वर्मा की सोनकार (स्वर्णकार) की दुकान रेलवे स्टेशन रोड पर प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित है। आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। घटना के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *